बिहारराज्य

झारखंड हाई कोर्ट के चार बड़े फैसले, IAS अधिकारी समेत तीन कर्मचारियों को मिली राहत

रांची
झारखंड हाई कोर्ट के जस्टिस दीपक रोशन की अदालत ने प्रशासनिक और सेवा से जुड़े चार अलग-अलग मामलों में महत्वपूर्ण फैसले सुनाते हुए राज्य सरकार और संबंधित विभागों को कड़े निर्देश दिए हैं।

अदालत ने जहां एक ओर 2014 बैच के आइएएस अधिकारी को वरिष्ठता के आधार पर अपर सचिव के पद पर पदस्थापित करने का आदेश दिया है, वहीं दूसरी ओर वर्षों से न्याय का इंतजार कर रहे वन निगम कर्मी, विश्वविद्यालय के एसोसिएट प्रोफेसर और दैनिक वेतनभोगी जीप चालक को भी बड़ी राहत प्रदान की है।

आईएएस को जल्द पदस्थापन करने का दिया आदेश
अदालत ने भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) में पदोन्नति मिलने के बाद उचित पदस्थापन नहीं किए जाने के मामले में राज्य सरकार को कड़ा निर्देश दिया है। कोर्ट ने 2014 बैच के आइएएस अधिकारी पवन कुमार मंडल को अपर सचिव या इसके समकक्ष पद पर पदस्थापित करने का आदेश दिया है।

अदालत ने स्पष्ट कहा कि जब 2015 बैच के अधिकारियों को अपर सचिव के पद पर पदस्थापित किया जा चुका है, तो उनसे वरिष्ठ 2014 बैच के अधिकारी को संयुक्त सचिव के पद पर बनाए रखना उचित नहीं है। अदालत ने पवन कुमार मंडल की याचिका पर सुनवाई करते हुए राज्य सरकार को छह सप्ताह के भीतर पदस्थापन का आदेश जारी करने को कहा है।

सेवानिवृत्ति के मामले में वन विभाग के कर्मी को मिली राहत
अदालत ने वन निगम के एक कर्मचारी को बड़ी राहत देते हुए 58 वर्ष की उम्र में सेवानिवृत्त करने के आदेश को रद कर दिया है। कोर्ट ने कर्मचारी रामेश्वर प्रसाद सिन्हा को 60 वर्ष की उम्र तक सेवा में मानने और इस अवधि के बकाया वेतन सहित सभी सेवानिवृत्ति लाभ देने का निर्देश दिया है।

सरकार और संबंधित विभागों को 16 सप्ताह के भीतर बकाया राशि की गणना कर भुगतान करने को कहा गया है। याचिकाकर्ता पहले बिहार राज्य वन विकास निगम और झारखंड गठन के बाद झारखंड राज्य वन विकास निगम के क्षेत्र में कार्यरत थे। विभाग ने पांच अप्रैल 2012 को पत्र जारी कर उन्हें 58 वर्ष की उम्र में 31 जुलाई 2012 से सेवानिवृत्त करने का आदेश दिया था, जिसे उन्होंने हाई कोर्ट में चुनौती दी थी।

विनोबा भावे विश्वविद्यालय के एसोसिएट प्रोफेसर को राहत
अदालत ने विनोबा भावे विश्वविद्यालय के एसोसिएट प्रोफेसर भोला मिश्रा को बड़ी राहत देते हुए पीएचडी एडवांस इंक्रीमेंट का लाभ देने का आदेश दिया है। कोर्ट ने उनका बेसिक पे स्केल 14,940 रुपये निर्धारित करते हुए बकाया एरियर का भुगतान 12 सप्ताह के भीतर करने का निर्देश राज्य सरकार और विश्वविद्यालय को दिया है।

याचिकाकर्ता की ओर से अधिवक्ता सौरव अरुण ने पक्ष रखा। दरअसल, सरकार और विश्वविद्यालय ने पीएचडी एडवांस इंक्रीमेंट का लाभ समाप्त कर उनका बेसिक पे स्केल 14,940 रुपये से घटाकर 12,000 रुपये कर दिया था, जबकि एसोसिएट प्रोफेसर के लिए मूल पे स्केल 12,800 से 18,300 रुपये निर्धारित था।

इस मामले की पृष्ठभूमि में विश्वविद्यालयों में रीडर के दो अलग-अलग पे स्केल को एक करने का पुराना विवाद भी शामिल है, जिस पर पूर्व में हाई कोर्ट की खंडपीठ और सुप्रीम कोर्ट से भी राज्य सरकार को राहत नहीं मिली थी।

हाई कोर्ट ने दिया जीप चालक को नियमित करने का आदेश
अदालत ने वर्ष 2009 से दैनिक वेतन पर कार्यरत एक जीप चालक की सेवा नियमितीकरण की मांग को स्वीकार कर लिया है। कोर्ट ने गिरिडीह निवासी कुलदीप कुमार तुरी के मामले में कल्याण विभाग के सचिव की अध्यक्षता वाली राज्य स्तरीय समिति के उस आदेश को निरस्त कर दिया, जिसमें उनकी सेवा नियमित करने से इन्कार किया गया था।

अदालत ने संबंधित विभाग को आदेश की प्रति प्राप्त होने के आठ सप्ताह के भीतर याचिकाकर्ता को जीप चालक के पद पर नियमित करने का निर्देश दिया है। याचिकाकर्ता मई 2009 से गिरिडीह जिला कल्याण कार्यालय में स्वीकृत रिक्त पद के विरुद्ध लगातार कार्य कर रहे हैं।

दस वर्ष से अधिक की संतोषजनक सेवा पूरी करने के बाद उन्होंने 10 अक्टूबर 2019 को आवेदन दिया था, जिसे जिला कल्याण पदाधिकारी ने अनुशंसा के साथ आगे बढ़ाया था। वर्ष 2022 में उच्च स्तरीय बैठक के निर्देशों के बाद भी कार्रवाई नहीं होने पर उन्होंने पूर्व में हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button