बिहारराज्य

झारखंड में SIR के बीच फर्जी जन्म प्रमाणपत्रों का खुलासा, गढ़वा-रांची और पाकुड़ में कार्रवाई के निर्देश

रांची

 राज्य में चल रहे मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) के तहत नोटिस-सुनवाई में फर्जी जन्म प्रमाणपत्र मिल रहे हैं। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने इसे लेकर एसआइआर कार्य में लगे अधिकारियों को सतर्क किया है। उन्होंने ऐसे मामले में कानूनी कार्रवाई के भी निर्देश दिए हैं।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने सोमवार को वीडियो कान्फ्रेंसिंग से हुई समीक्षा में जिला निर्वाचन पदाधिकारियों, उप निर्वाचन पदाधिकारियों, निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों एवं सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों से कहा कि गढ़वा, रांची एवं पलामू में भी सुपर चेकिंग के दौरान कई मामलों में फर्जी जन्म प्रमाणपत्र संलग्न किए जाने की जानकारी मिली है।

वहीं, 22 नवंबर को पाकुड़ में किए गए सुपर चेकिंग में भी फर्जी जन्म प्रमाणपत्र पाया गया। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों की गंभीरता से जांच करते हुए आवेदकों की पात्रता का सत्यापन किया जाए। फर्जी जन्म प्रमाणपत्र प्रस्तुत करने वाले तथा ऐसे दस्तावेज उपलब्ध कराने में सहयोग करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

उन्होंने कहा कि राज्य के सभी जिलों में एसआइआर कार्यों की सुपर चेकिंग की जा रही है। इसी क्रम में उनके द्वारा 21 एवं 22 नवंबर को संताल परगना प्रमंडल के जरमुंडी, पाकुड़ एवं राजमहल विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में किए जा रहे कार्यों का भौतिक निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान कई अभिलेखों एवं प्रक्रियाओं में गंभीर कमियां सामने आई हैं। उन्होंने कहा कि विशेष रूप से ऐसे मामलों की गहन जांच की जाए, जिनमें आवेदक के माता-पिता जीवित हैं, लेकिन उनके विवरण उपलब्ध नहीं कराए गए हैं।

ऐसे मामलों में संबंधित पदाधिकारी आवेदक से आवश्यक जानकारी प्राप्त करते हुए नियमानुसार सत्यापन एवं कार्रवाई सुनिश्चित करें। वर्चुअल बैठक में उप निर्वाचन पदाधिकारी धीरज कुमार ठाकुर, अवर निर्वाचन पदाधिकारी सुनील कुमार आदि भी सम्मिलित थे।

एपिक संख्या उपलब्ध होने के बाद भी नहीं कर रहे दर्ज

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने नाराजगी प्रकट करते हुए कहा कि कई मामलों में माता-पिता का नाम एवं उनकी एपिक (फोटो पहचान पत्र) संख्या उपलब्ध होने के बावजूद गणना प्रपत्र, घोषणा पत्र एवं आदेश पत्रक में इसका उल्लेख नहीं किया जा रहा है।

ईसीआइनेट पर उपलब्ध एपिक संख्या का अनिवार्य रूप से सत्यापन एवं अंकन किया जाना सुनिश्चित करें। उन्होंने निर्देश दिया कि जिन आवेदकों के माता-पिता पूर्व के विशेष गहन पुनरीक्षण की मतदाता सूची में पंजीकृत हैं, उनके विवरणी को संबंधित आवेदक के साथ अनिवार्य रूप से लिंक किया जाए।

माता-पिता के निधन अथवा मतदाता सूची में पंजीकृत नहीं होने की स्थिति में नियमानुसार निर्धारित प्रक्रिया का पालन किया जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि ड्राफ्ट मतदाता सूची में शामिल किसी भी मतदाता का नाम बिना समुचित जांच, कारण एवं सक्षम स्तर से आदेश पारित किए अंतिम रूप से नहीं हटाया जाए।

सुपर चेकिंग करते हुए 30 नवंबर तक दें रिपोर्ट

उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि जिन मामलों में अभिलेखों में कमियां पाई गई हैं अथवा निर्धारित प्रक्रिया का अनुपालन नहीं किया गया है, उनमें तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई की जाए। सभी जिला निर्वाचन पदाधिकारी अपने-अपने जिलों में सुपर चेकिंग करते हुए 30 नवंबर तक अनुपालन प्रतिवेदन उपलब्ध कराएं।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button